कोविड-19 के चलते मंदिर कमेटी ने लिया निर्णय
पुलिस-प्रशासन ने एहतियात एवं सुरक्षा के किए प्रबंध
गोला गोकर्णनाथ। सावन के प्रत्येक सोमवार पर छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। कोविड-19 के संक्रमण एवं तीसरी लहर की संभावना के चलते मंदिर कमेटी ने निर्णय लिया है। वहीं प्रशासन ने एहतियात एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं।
कोविड-19 के संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, बल्कि कोरोना महामारी की तीसरी लहर आने की संभावना अगस्त माह में मानी जा रही है, जिसके चलते सावन में पौराणिक शिव मंदिर पर उमड़ने वाली शिव भक्तों श्रद्धालुओं की भीड़ को किस तरह सुरक्षित दर्शन कराए जाएं यह विचार मंथन कई दिनों से मंदिर कमेटी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चलता रहा।
आखिरकार शिव मंदिर कमेटी को सावन के प्रत्येक सोमवार पर पौराणिक शिव मंदिर के कपाट बंद रखने का निर्णय लेना पड़ा। हालांकि सोमवार को पौराणिक शिव मंदिर सुबह और रात में पूजन आरती दोपहर को सफाई के लिए खुलेगा। अन्य दिनों में शिव भक्त भगवान भोलेनाथ का सामान्य दिनों की तरह दर्शन एवं जलाभिषेक करेंगे जिसके लिए प्रशासन ने एहतियात और सुरक्षा के प्रबंध कर लिए हैं।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सावन के प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिर बंद रहेगा। सोमवार को सुबह 5:00 बजे पूजन आरती, दोपहर 2:00 बजे साफ-सफाई और रात 9:00 बजे श्रंगार पूजा के लिए मंदिर के कपाट खुलेंगे। सावन की अन्य तिथियों तेरस नाग पंचमी अमावस्या रक्षाबधन पर शासन की गाइडलाइन के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सोमवार के अतिरिक्त सामान्य दिनों की तरह पौराणिक शिव मंदिर खुलेगा और भक्त दर्शन करेंगे।
- जनार्दन गिरि अध्यक्ष शिव मंदिर कमेटी गोला
बगैर मास्क लगाए नहीं मिलेगा प्रवेश
कोविड-19 के संक्रमण को देखते हुए शिव मंदिर कमेटी द्वारा लिया गया निर्णय आवश्यक था। कोरोना महामारी की तीसरी लहर से बचाव आवश्यक है। सुरक्षा एवं एहतियात के प्रबंध कर लिए गए हैं। किसी भी श्रद्धालु को बिना मास्क मंदिर परिसर में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर सहित 13 ड्यटी प्वाइंट, सात बैरियर, चार रूट डायवर्जन पॉइंट उसके साथ दो मोबाइल पुलिस टीम, रिजर्व फोर्स का प्रबंध किया गया है।
- अखिलेश यादव, एसडीएम गोला