धौरहरा। शारदा और घाघरा नदी की विनाशलीला रुक-रुककर लगातार जारी है। रैनी में दूसरे दिन भी नदी बंधे का कटान कर रही है। वहीं सिंचाई खंड कटान रुकने की बात कर रहा है। बांध कटने की सूचना से रैनी सहित आसपास के ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर बांध कटा तो कई गांव प्रभावित होंगे।
तहसील क्षेत्र के रमियाबेहड़ के मोटेबाबा, गोडियन पुरवा, बगहा, बिंजहा, लौकाही मल्लापुर, पोखरा घाघरा नदी तो खनवापुर, जमदरी, रैनी, खड़वा, सहित कई गांवों में शारदा नदी तबाही मचा रही है। किसानों की फसल लगी सैकड़ों बीघा भूमि को काटकर किसानों को भूमिहीन बना रही है।
रैनी में दूसरे दिन भी शारदा नदी बंधे का कटान जारी रहा। वहीं सिंचाई खंड बोरियों में मिट्टी भरकर जाल बनाकर कटान रोकने का प्रयास कर रहा है। जेई धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नदी का बहाव तेज होने के कारण बांध का एक हिस्से को नदी ने कटान किया था। इसे मिट्टी डालकर भर दिया गया है, अब बांध कटने खतरा नहीं है।