गोला में निर्माणाधीन ओवरब्रिज की रेलिंग पेंट करते श्रमिक। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। कार्यदायी संस्था ने गोला-लखीमपुर एनएच-730 पर रेलवे क्रॉसिंग के ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने का दावा किया है। हालांकि, यातायात शुरू होने से पहले पूर्व में कराई गई लोड टेस्टिंग और गुणवत्ता जांच की रिपोर्ट का इंतजार है। पेंटिंग का काम भी बाकी है, जिसे दो-तीन दिन में पूरा करने की बात कही गई है।
एनएच-730 पर गोला रेलवे की जंगल वाली क्रॉसिंग पर 67 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण फरवरी 2021 में शुरू हुआ था। पांच साल बीतने के बाद कार्यदायी संस्था ने अब इसका निर्माण पूरा होने का दावा किया है।
दो माह पूर्व ओवरब्रिज की आरई वॉल में दरारें आने और गांठें उभरने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठे थे और खामियां उजागर हुई थीं। इसके बाद नेलिंग मेथड से मरम्मत कराई गई थी। एक माह पूर्व लखनऊ से आई टीम ने ओवरब्रिज की लोड टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण किया था, जिसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
कार्यदायी संस्था विजय कंस्ट्रक्शन के साइट इंचार्ज इंजीनियर दिलीप कुमार ने बताया कि ओवरब्रिज का निर्माण पूरा कर लिया गया है। पेंटिंग का काम बाकी है, वह भी दो-तीन दिन में पूरा हो जाएगा। ओवरब्रिज की लोड टेस्टिंग और गुणवत्ता परीक्षण किया गया था, जिसकी रिपोर्ट आनी है।