फरधान। क्षेत्र में एक गन्ने के खेत से 80 वर्षीय वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना फरधान के गांव खानपुर निवासी 80 वर्षीय मेवालाल बृहस्पतिवार की शाम दिवाली पर खेत जगाने गए थे। इसके बाद वे घर नहीं लौटे। देर शाम मन्योरा गांव निवासी अंकित वर्मा के खेत में खड़े गन्ने की फसल जलने लगी। आग की चपेट में आने से करीब तीन बीघा गन्ना जल गया। आग लगने का शोर शराबा होने पर पास-पड़ोस के लोग दौड़कर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
उधर, मेवालाल के परिजनों ने देररात तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह दोबारा गन्ने के खेतों में तलाश करने गए तो मेवालाल का हल्का झुलसा हुआ शव अंकित वर्मा के जले हुए गन्ने के खेत में पड़ा मिला।
पुलिस का अनुमान है खेत जगाने के दौरान आग लग गई होगी। इसके बाद आग अंकित के खेत में फैल गई होगी। आग बुझाने के चक्कर में वे भी झुलस गए होंगे। जलते गन्ने की आग में फंस जाने की वजह वह गिर गए, निकल नहीं पाए। वहीं मृतक के पुत्र, गौरीशंकर, हरिश्चंद्र, गुड्डू और पौत्र धर्मवीर का आरोप है कि पिता की हत्या गला दबाकर की गई है। फिर हत्या को छिपाने के लिए उन्हें गन्ने के जलते खेत में डाल दिया गया। थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि घटना संदिग्ध लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।