खीरी टाउन। थाना क्षेत्र के गांव कटकुसमा में ट्रॉली के एंगल से 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शव लटका देखा तो पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान जिला सीतापुर के गांव भदफर निवासी रामपाल पुत्र सूर्य प्रसाद के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, रामपाल दुबे ने अपनी कुछ जमीन चचेरे भाई अशोक दुबे को बेची थी। अशोक खीरी थाना क्षेत्र के गांव कटकुसमा में रहता है। परिवार का आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री के दौरान अशोक ने धोखे से अधिक जमीन अपने नाम लिखवा ली थी, जिससे रामपाल परेशान रहता था।
बताया गया कि सोमवार को रामपाल कटकुसमा गांव गया था, जहां उसकी अशोक के पिता प्यारेलाल से मारपीट हुई। इस दौरान प्यारेलाल का हाथ भी टूट गया था। हालांकि परिजन फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी अवनीश कुमार सिंह ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजन किसी पर आरोप भी नहीं लगा रहे हैं। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- विवेक तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक