लखीमपुर खीरी। श्रीनगर के ग्राम सुखराजपुर निवासी इंद्रपाल की शिकायत पर जांच होती इससे पहले ही आरोपी लेखपाल ने मंगलवार को उसकी रकम लौटा दी। इंद्रपाल ने हल्का लेखपाल पर 90 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया था। लंबित मामले में पक्ष में रिपोर्ट लगाने के नाम पर पीड़ित से यह धनराशि वसूली गई थी। आरोप था कि रुपये लेने के बाद भी हल्का लेखपाल ने विपक्षी के पक्ष में रिपोर्ट लगा दी थी।
इंद्रपाल का कहना है कि उसका एक वाद तहसीलदार न्यायालय में चल रहा था। इस मामले में हल्का लेखपाल बृजेश वर्मा ने पक्ष में आदेश कराने के लिए एक लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने 90 हजार रुपये दे दिए थे। फिर भी विपक्षी के पक्ष में आदेश आया तो लेखपाल से रुपये वापस मांगे। रुपये लौटाने से हल्का लेखपाल ने मना कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने डीएम से न्याय दिलाने की मांग की थी। शिकायत के दूसरे दिन ही लेखपाल ने पीड़ित को बुलाकर रकम लौटा दी।