बेहजम।
जिला पंचायत इंटर काॅलेज, कालाआम में प्रधानाचार्य संजय वर्मा का तबादला जिला पंचायत इंटर काॅलेज बिजुआ में होने पर विद्यार्थी भड़क गए। उन्होंने सोमवार को लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर धरने पर बैठ गए। इससे जाम लग गया। विद्यार्थियों का धरना प्रदर्शन लगभग तीन घंटे चला। पुलिस और क्षेत्र के लोगों के समझाने पर बच्चे शांत हुए।
संजय कई वर्षों से यहां तैनात थे। उनका तबादला लगभग एक सप्ताह पहले जिला पंचायत इंटर काॅलेज बिजुआ के लिए कर दिया गया, लेकिन उन्होंने अभी ज्वाइन नहीं किया। निघासन से पंकज कुमार गुप्ता को कालाआम का प्रधानाचार्य बनाया गया। वे सोमवार को यहां कार्यभार ग्रहण करने आए थे। विद्यार्थियों को इसकी जानकारी हुई तो धरना-प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दिया।
विज्ञापन
संजय वर्मा को रोकने के लिए विद्यार्थी रोने तक लगे। विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य का स्थानांतरण रोकने की मांग की। जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अधिकारी जागन सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिध बृजेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य सूरज सिंह और मुन्ना सिंह सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और छात्र-छात्राओं को समझाते हुए मामला शांत कराया।
प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गईं दो छात्राएं
प्रदर्शन के दौरान दो छात्राओं के बेहोश हो जाने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन दोनों विद्यालय परिसर में ले जाकर कुर्सी पर बैठाया गया। पानी की छींटे मुंह पर मारने के साथ पानी पिलाया गया, जिसके बाद छात्राओं की हालत सामान्य हुई। जो छात्राएं बेहोश हुईं, उनके नाम अंजली वर्मा और लकी बताए गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान बेहोश छात्रा। स्रोत : सोशल मीडिया