लखीमपुर खीरी। कोरोना का नाम सुनते ही दूसरी लहर का भयावह मंजर आंखों के सामने आ जाता है। हालांकि, अब वैक्सीनेशन की वजह से किशोरों से लेकर बुजुर्गों तक के मन से कोरोना का डर दूर हो चुका है। टीकाकरण को लेकर लोगों के मन में जो आशंकाएं और भ्रांतियां थीं, वह भी दूर हो चुकी हैं।
इसका असर यह हुआ कि 15 से 18 साल तक के युवाओं ने टीकाकरण में निर्धारित लक्ष्य को पीछे छोड़ दिया। अब तक जिले में निर्धारित लक्ष्य से करीब आठ हजार अधिक किशोर किशोरियों ने पहली और 43 प्रतिशत ने दूसरी डोज लगवा ली है।
कोरोना संक्रमण से लोगों केे बचाने के लिए 16 जनवरी 2021 को जिले में वैक्सीनेशन शुरू हुआ। शुरूआत में हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर और उसके बाद बुजुर्ग एवं युवाओं के वैक्सीनेशन की शुरूआत हुई। सबसे आखिर में 15 से 18 साल और अब 12 से 14 साल तक के बच्चों के वैक्सीन लगाई जा रही है। हालांकि 15 से 18 साल के लोगों का टीकाकरण लक्ष्य से आगे निकल चुका है।
शासन की ओर से 2,82,033 लोगों का लक्ष्य निर्धारित था, लेकिन रविवार तक 2,90,004 लोग वैक्सीनेशन लगवा चुके हैं। यह आंकड़ा 102.8 फीसदी है। वहीं, 43 प्रतिशत किशोर किशोरियां ने दूसरी डोज लगवा ली है। इनका कहना है कि कोरोना से बचाव का उपाय सिर्फ वैक्सीनेशन ही है। इसलिए इसमें पीछे क्यों रहना।
उम्र- लक्ष्य- पहली डोज- दूसरी डोज
15 से 18- 282033-290004-121948
12 से 15- 170339-2673
टीका लगवाने से पहले मन में एक डर था, लेकिन पढ़ाई को ध्यान में रखकर वैक्सीन लगवाई। वैक्सीनेशन के बाद कोई तकलीफ नहीं हुई। इसलिए बिना डरे टीका जरूर लगवाएं।
रुद्र प्रताप सिंह, कक्षा-11
कोरोना को लेकर काफी दहशत थी। इसकी वजह से स्कूल तक काफी दिन तक बंद रहे। अब वैक्सीन लगवा ली है, ताकि पढ़ाई प्रभावित न होने पाए।
संजना सिंह, कक्षा-11
कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन लगवा ली है। अब इसका डर खत्म हो गया है। वैक्सीन को लेकर तमाम सवाल थे, लेकिन न तो लगवाते समय कोई दिक्क्त हुई और न ही बाद में।
कनक मिश्रा, कक्षा-11
कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय टीकाकरण है। इसलिए वैक्सीने लगवाने से डरें नहीं। अच्छा होगा कि पहले की तरह स्कूलों में कैंप लगें, जिससे ज्यादा ज्यादा छात्र टीका लगवा सकें।
लक्ष्य भसीन, कक्षा-11
कोरोना से निजात मिलने की काफी दिनों से आस थी। मगर, जब से वैक्सीन लगवाई है तब से कोरोना का डर मन से निकल गया। अब बिना किसी डर के स्कूल आ-जा सकेंगे।
अंशिका, कक्षा-11
कोरोना का डर मन में रहता था, लेकिन वैक्सीन लगने से यह खत्म हो गया। अब स्कूल आने जाने में भी डर नहीं लगेगा। वैक्सीन लगवाने के दौरान इसका पता नहीं लगा।
स्मृति सिंह, कक्षा-10
यहां हो रहा नियमित टीकाकरण
1. जिला अस्पताल
2. महिला अस्पताल
3. नगरीय स्वास्थ्य केंद्र नौरंगाबाद
4. नगरीय स्वास्थ्य केंद्र निर्मल नगर
5. नगरीय स्वास्थ्य केंद्र गोटैया बाग
6. नगरीय स्वास्थ्य केंद्र गोला
7. सभी सीएचसी
आज यहां लगेंगे विशेष शिविर
1. अजमानी इंटरनेशनल स्कूल
2. अजमानी पब्लिक स्कूल
3. विवेक ज्ञान स्थली इंटर कॉलेज
‘कोरोना से जंग जीतने के लिए वैक्सीनेशन बेहद जरूरी है। जिला एवं महिला अस्पताल सहित सभी नगरीय एवं सीएचसी पर टीकाकरण हो रहा है। सोमवार को शहर के तीन स्कूलों में अतिरिक्त कैंप लगाए जाएंगे। यहां वैक्सीनेशन कराया जा सकता है।’
- डॉ. अनिल कुमार गुप्ता एसीएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी