लखीमपुर खीरी। लगातार बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए सीएम योगी ने पीडब्ल्यूडी के इंजीनियरिंग विभाग को सड़कों की समीक्षा कर उन कारणों को दूर करने के निर्देश दिए हैं, जिन तकनीकी खामियों की वजह से हादसे होते हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम के निर्देश के बाद अब लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने सड़कों की समीक्षा कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की कवायद शुरू कर दी है।
सर्दी के मौसम में कोहरे की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी ने बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताई है। वर्चुअल हुई विभागीय बैठकों में यह भी तय किया है कि अगर सड़क हादसों में कहीं तकनीकी समस्या आड़े आ रही है, तो ऐसे दुर्घटना बहुल क्षेत्रों का सर्वे किया जाए। यह भी देखा जाए कि कहीं कोई ऐसी तकनीकी त्रुटि तो नहीं हो गई, जिससे किसी विशेष क्षेत्र में हादसे हुए हों। उन क्षेत्रों की तकनीकी बिंदुओं पर रिपोर्ट बनाई जाए।
इसके अलावा विभागीय अफसरों को इस बात के निर्देश मिले हैं कि नई जो सड़कें बनाई जानी हैं, उन पर ऐसे काम करें कि कम से कम हादसे हों। बता दें कि जिले में इस वर्ष ब्लैक स्पॉट पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर गुधरिया बाबा मंदिर पास चिन्हित किया गया है, जिस पर चेतावनी बोर्ड लगाकर अस्थायी सुधार कराए गए हैं। आईआईटी दिल्ली की टीम भी कुछ दिन पहले मुआयना कर चुकी है। टीम ने तकनीकी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी है। उसकी रिपोर्ट आने पर स्थायी सुधार किए जाएंगे।
सड़क सुरक्षा के विभागीय नोडल अधिकारी अधिशासी अभियंता निर्माण खंड तीन अनिल यादव ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग, राजमार्ग, प्रमुख जिला मार्ग एवं अन्य जिला मार्ग पर अभियंत्रण दृष्टिकोण से समीक्षा की जाएगी। संवाद
प्रभारी मंत्री की बैठक में श्रीनगर विधायक ने उठाया अंंधे मोड़ का मुद्दा
लखीमपुर खीरी। तीन दिन पहले प्रभारी मंत्री आशीष पटेल के साथ सभी जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों की बैठक में श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी ने लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर अंधे मोड़ का मुद्दा उठाया। विधायक ने बताया कि सीएम योगी के साथ वर्चुअल की बैठक हुई थी। रुकुंदीपुर के कार्यकर्ताओं ने बताया था कि कोहरे की वजह से वहां पर हादसे बढ़ जाते हैं। मामले में प्रभारी मंत्री आशीष पटेल के निर्देश के बाद एनएच डिवीजन को संबंधित क्षेत्र के लिए उपाय करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एनएच डिवीजन के अधिशाषी अभियंता शुभ नारायण ने नेशनल हाईवे 730 से जुड़े लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग के जंक्शन का चौड़ीकरण करना शुरू करा दिया है। संवाद