लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा कांड मामले में बृहस्पतिवार को जिला जज शिवकुमार सिंह की अदालत में तत्कालीन एसपी विजय ढुल को अभियोजन पक्ष ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश किया।
उन्होंने अपने बयान दर्ज कराते हुए मौके के हालात की जानकारी दी। यह भी बताया कि डिप्टी सीएम का बनवीरपुर में हो रही दंगल प्रतियाोगिता के मुख्य अतिथि के रूप में हेलिकाॅप्टर से आने का कार्यक्रम था।
इसके लिए तिकुनिया कस्बे में हेलीपैड बनाया गया था, लेकिन आंदोलित किसानों के हंगामा और सुरक्षा व्यवस्था के लिए वीवीआईपी के रूट में बदलाव किया गया था।
इसके साथ ही तत्कालीन एसपी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था व जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। इसके बाद बचाव पक्ष की ओर से उनसे जिरह शुरू हुई। एक-एक कर सभी आरोपियों के वकीलों की ओर से उनसे जिरह पूरी कर ली गई, जिसके बाद अदालत ने अगली गवाही को पेश करने के लिए अभियोजन पक्ष को शुक्रवार के लिए समय दिया है। इसलिए मामले की सुनवाई तीन जुलाई को लगाई है।