वाहनों की चेकिंग करते हुए एआरटीओ शांति भूषण पांडेय। स्रोत: विभाग
लखीमपुर खीरी। सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए चलाए जा रहे ''''मिशन सेफ फ्यूचर'''' अभियान के तहत बृहस्पतिवार को एआरटीओ (प्रवर्तन) शांति भूषण पांडे ने कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करते मिले छह वाहन सीज कर थानों में खड़े करा दिए। इनमें चार प्राइवेट वाहन भी शामिल हैं, जो विभिन्न स्कूलों से संबद्ध होकर बच्चों को लाने-ले जाने का कार्य कर रहे थे।
एआरटीओ ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में निजी वाहनों से स्कूली बच्चों का परिवहन न कराया जाए। यदि कोई स्कूल प्राइवेट वाहनों का उपयोग करता पाया गया तो वाहन संचालकों के साथ स्कूल के विरुद्ध भी जवाबदेही तय की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर स्कूल की मान्यता रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) शांति भूषण पांडे ने कहा कि ''''मिशन सेफ फ्यूचर'''' का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।