संपूर्णानगर। भारत-नेपाल सीमा के बसही एसएसबी के जवानों ने पिलर संख्या 769 से 770 के बीच यूरिया, हार्डवेयर समेत भारी मात्रा में नेपाल ले जा रहे माल सहित तीन लोगों को पकड़ा है।
बसही कंपनी के सहायक कमांडेंट सुरेश कुमार पाटीदार ने बताया कि जवानों ने पिलर संख्या 769, 770 के पास गश्त के दौरान दो बाइक, छह साइकिलों से कैरियरों को नेपाल जाते देखा, जिसके बाद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। लेकिन पांच कैरियर भाग गए। वहीं तीन को जवानों ने पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम अतुल गुप्ता, अरुण गुप्ता, लालू प्रसाद निवासी संपूर्णानगर बताया। बरामद माल में 23 बोरी यूरिया, हार्डवेयर पार्ट्स, कोल्ड ड्रिंक्स, बीड़ी, तंबाकू आदि शामिल रहा। दो बाइक व छह साइकिलों समेत एसएसबी ने दो लाख 31 हजार 960 रुपये का सीजर बनाकर पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। संवाद
हार्डवेयर और गुटका समेत एक कैरियर को दबोचा
गौरीफंटा। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 39 वीं वाहिनी एसएसबी बी कंपनी के सहायक कमांडेंट हरवंश सिंह ने बताया कि रविवार को एएसआई कर्म सिंह के नेतृत्व में जवानों ने सुबह करीब साढ़े चार बजे पिलर संख्या 748 के पास भारत से नेपाल सामान ले जाते कुछ लोगों को देखा तो उन्हें रोका जिसके बाद दो कैरियर साइकिलें व माल छोड़कर भाग गए। जबकि एक आरोपी को जवानों ने पकड़ लिया। माल चौकी पर लाकर खोला गया तो उसमें से प्रतिबंधित गुटका, स्पेयर पार्ट्स, हार्डवेयर का सामान मिला। कैरियर ने अपना नाम इंद्र गुरुंग निवासी नेपाल बताया। एसएसबी द्वारा पकड़े गए माल का सीजर बनाकर पलिया कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद