मितौली, बिजुआ समेत कुछ हिस्सों में बरसा पानी, तेज हवा चलने से उमस से मिली राहत
लखीमपुर खीरी। जनपद में मानसून सक्रिय होने से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई हैै। रविवार को दिन भर बादल उमड़ते रहे। बावजूद इसके शाम तक शहर में बारिश नहीं हुई। वहीं मितौली, भीखमपुर, बिजुआ आदि क्षेत्रों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने लगातार एक सप्ताह तक मानसून सक्रिय रहने और बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक जेेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में मानसून सक्रिय है। एक सप्ताह तक अलग-अलग हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होगी। इस दौरान तेज हवा चलने के साथ ही बिजली भी गिर सकती है। इसलिए खेत में काम करते समय किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
तीन घंटे तक झमाझम बारिश से सड़कों पर भरा पानी
बिजुआ। लगातार तीन घंटे तक झमाझम बारिश होने से पड़रिया तुला कस्बे की सड़कें जलमग्न हो गईं। लखीमपुर-पलिया हाईवे पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क चौड़ीकरण के दौरान बनाई गई नालियां खुली होने से उनमें कूड़ा-करकट भर गया है। जिससे पानी का निकास बंद है। भारी वाहनों के निकलने पर गंदा पानी दुकानों के अंदर जा रहा है।
अमीरनगर। रविवार की दोपहर आसमान में छाए काले बादलों के साथ तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद हल्की बूंदाबांदी हुई। लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन तेज बारिश न होने से किसान एक बार फिर मायूस हो गए। आसमान में छाए काले बादलों को देखकर किसानों को उम्मीद थी कि तेज बारिश हो जाएगी।
ममरी। हल्की बारिश होने से किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई। लोगों ने कई दिनों से हो रही उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की है। करीब दो सप्ताह बाद बारिश होने से खेतों में खड़ी फसल को लाभ पहुंचा है।
बांकेगंज में एक घंटा हुई झमाझम बारिश
बांकेगंज। कस्बा में हुई बारिश से सड़कों और गलियों में जगह-जगह जलभराव हो गया। मेन मार्केट में दुकानों के सामने बारिश का पानी भरने से व्यापारियों और ग्राहकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय किसानों गोल्डी गोयल, राजीव जायसवाल, अनिल टंडन आदि का कहना है कि भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते लोगों को अपनी धान फसल की सिंचाईं करने के लिए महंगा डीजल खरीदना पड़ता था। बारिश से आसमान से पानी नहीं, बल्कि डीजल बरसा है। संवाद
बारिश में नाला सफाई की खोली पोल
गोला गोकर्णनाथ। रविवार की दोपहर हुई झमाझम बरसात से किसानों के चेहरे खिल गए। वहीं शहर की मिल डायवर्जन रोड तालाब बन गई है।
रविवार की दोपहर हुई बरसात से लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिली। किसानों के चेहरे खिल गए। गन्ने की फसल की सिंचाई के साथ किसानों ने धान की रोपाई की शुरू कर दी है। मगर नगर के मिल डायवर्जन रोड, हमीद मार्केट, सिनेमा रोड, मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना में बताशा वाली गली, मा मंगला देवी मंदिर मार्ग सहित निचले इलाकों में जलभराव होने से तालाब जैसी स्थिति हो गई। इसमें आते जाते कई सवार भी फंस गए।
क्षेत्र के रोशन नगर, ममरी, अलीगंज, संसारपुर और बग्घून क्षेत्र के किसान आलोक, संजीव, पीयूष, रामराखन, वेद प्रकाश, राम शंकर, सचिन आदि ने बरसात को फसलों के लिए लाभदायक बताया है। संवाद