लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामपाल यादव के नेतृत्व में यह ज्ञापन दिया गया। इसमें जौहर विश्वविद्यालय, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए गए।
लखीमपुर खीरी में समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष रामपाल यादव के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सपा नेताओं ने जौहर विश्वविद्यालय रामपुर, छात्र आंदोलन व प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
विज्ञापन
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की नीतियों से छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। सपा ने आरोप लगाया कि जौहर विश्वविद्यालय रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त करने के आदेश से हजारों छात्रों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। साथ ही देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं और छात्र आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
सपा ने मांग की कि जौहर विश्वविद्यालय की तकनीकी कमियों को दूर कर उसका संचालन जारी रखा जाए। पेपर लीक से प्रभावित और आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए, केंद्र और राज्यों में रिक्त लगभग 22 लाख पदों पर भर्ती का कैलेंडर जारी किया जाए। बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए तथा गरीब छात्रों के लिए सस्ती और सुलभ शिक्षा की व्यवस्था की जाए।