लखीमपुर खीरी। शहर में इन दिनों बिजली कटौती का खेल चल रहा है। कहीं फॉल्ट तो कहीं मरम्मत के नाम पर घंटों बिजली काट दी जाती है। बिजली गुल होने से बाजार पर असर पड़ता है, इसकी वजह से व्यापारी परेशान रहते हैं। वहीं घरों में बत्ती न होने से वॉशिंग मशीन सहित इलेक्ट्राॅनिक उपकरण नहीं चल पाते। इधर, बिना बताए बिजली कटौती होने से उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
वैसे तो पूरे शहर में बिजली कटौती का खेल चल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा राजापुर, राजाजीपुरम, लहौरीनगर आदि मोहल्लों के उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। राजापुर के दिलीप कुमार, राजीव कुमार आदि ने बताया कि विद्युत निगम जब चाहता है तब बिजली काट काट दी जाती है।
इधर, शहर के व्यापारियों का कहना है कि उनका दिन में ही व्यापार होता। बिजली न होने से व्यापार पर असर पड़ता है। आटा चक्की, तेल कारखाने नहीं चल पाते। इलेक्ट्राॅनिक दुकानों पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है।
छह घंटे गुल रही बत्ती, उपभोक्ता परेशान
विद्युत उपकेंद्र छाउछ के अलीगंज रोड की लाइन शिफ्टिंग के चलते मंगलवार को सुबह नौ से अपराह्न तीन बजे तक छह घंटे बत्ती गुल रही। छाउछ उपकेंद्र के पोषक नंबर चार से सभी क्षेत्रों में बिजली नहीं आई, इससे पानी का संकट रहा। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली कटौती की सूचना पहले नहीं दी जाती है। इससे पहले भी विभाग ने कई बार बिना बताए बिजली काट दी है।
बिजली का संकट गर्मी में तो रहता है, अब सर्दी में भी देखने को मिल रहा। इन दिनों कटौती ज्यादा की जा रही है। कटौती करते हैं, तो उसकी सूचना भी नहीं दी जाती।
डॉ. राजवीर सिंह, व्यापारी
-
अधिकांश व्यापार बिजली के सहारे हैं। अगर बिजली न रहे तो व्यापार चौपट रहता है। इन दिनों विभाग मरम्मत के नाम पर बिजली कटौती कर देता, लेकिन इसकी सूचना नहीं दी जाती।
-विनय मिश्रा, व्यापारी