गांव रोशननगर से सटे खेत का मामला
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव रोशननगर से सटे खेत में बाघ खड़ा देखकर गन्ना भरने गए ट्रैक्टर चालक और मजदूरों के होश उड़ गए। उन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई और सूचना वनकर्मियों को दी।
रोशननगर के अमर चंद वर्मा, अंकित वर्मा, पप्पू, संजय डीजे आदि ने बताया कि सोमवार सुबह वह गांव से सटे खेत में ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर गन्ना भरने गए थे। इसी बीच सचेंद्र अग्निहोत्री के गन्ने में मौजूद बाघ निकलकर सामने आ गया, जिसे देख ट्रैक्टर चालक और मजदूरों के होश उड़ गए। इन लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। आग जलाने और शोर मचाने पर बाघ फिर गन्ने के खेत में घुस गया। यहां से जंगल की दूरी महज पांच किलोमीटर बताई जा रही है।
अमर चंद वर्मा ने सूचना महेशपुर रेंज के वन कर्मियों को दे दी है। गन्ने के खेत में बाघ की मौजूदगी होने से गांव वालों में दहशत फैल गई है। लोग खेतों की ओर जाने और गन्ने की छिलाई करने से घबरा रहे हैं। रेंजर मोबीन आरिफ का कहना है कि सूचना मिली है वन कर्मियों की टीम को मौके पर भेजकर दिखाया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो गन्ने के खेत के आसपास कांबिंग कराई जाएगी।