निघासन। बेलरायां वन रेंज की बथुआ बीट में सोमवार को गश्त से लौट रहे वन वाचर का सामना अचानक तेंदुए से हो गया। पगडंडी पर तेंदुए को सामने बैठा देखकर वाचर घबरा गया। उसने बाइक छोड़ी और मौके से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर तेंदुए के हमले की खबर वायरल हो गई। हालांकि वन विभाग ने हमले की पुष्टि नहीं की है।
गांव मटहिया निवासी वन वाचर राममूर्ति सोमवार को जंगल में गश्त पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पगडंडी पर उन्हें तेंदुआ बैठा दिखाई दिया। अचानक सामने आए तेंदुए को देखकर वह बाइक छोड़कर भाग गए। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ भी वहां से चला गया।
बेलरायां रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए वन विभाग की टीम कॉम्बिंग कर रही है। मौके पर तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।