नहर के पास झोंपड़ी में खड़ी मिली थी युवक की बाइक
शाहजहांपुर के गांव हंसपुर का रहने वाला है हरप्रीत सिंह
मैलानी। शाहजहांपुर जिले के गांव हंसपुर के लापता युवक का तीसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका है।
शाहजहांपुर जिले के हंसपुर गहिया फार्म निवासी सुखविंदर सिंह का पुत्र हरप्रीत सिंह (20) तेरह जून से लापता है। हरप्रीत सिंह के चाचा ओमकार ने बताया कि चौदह जून को मामले की गुमशुदगी घटनास्थल पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी में दर्ज कराई गई थी। नहर में डूबने की आशंका के चलते पुलिस ने नहर का पानी बंद करवाकर ग्रामीणों की मदद से नहर में तलाश शुरू की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पंद्रह जून से पीएसी की फ्लड यूनिट और ग्रामीणों ने भी नहर में तलाश शुरू की।
बुधवार सोलह जून तक नहर में पानी और बहाव भी कम हो गया। फ्लड यूनिट के मुताबिक, मोटर बोट और कांटों की मदद से घटनास्थल से करीब चार किमी दूर मैलानी-भीरा रोड पुल तक तलाश की जा चुकी है, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है। हरप्रीत तीन भाइयों में सबसे छोटा है। घटना से परिजन बेहद सदमे में हैं।