किसानों से वार्ता करते एसडीएम और सीओ।
बकाया गन्ना भुगतान को लेकर धरने के आठवें दिन आज किसान निकालेंगे पैदल मार्च
बकाया भुगतान करने के साथ ही गन्ना दूसरी मिल को देने पर अड़े किसान
पलियाकलां। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसानों का धरना लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। वहीं, तहसील में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम और सीओ से वार्ता की। करीब आधा घंटा चली वार्ता बेनतीजा रही। किसान पिछले वर्ष का बकाया भुगतान करने के साथ ही अपना गन्ना दूसरी मिल को देने की मांग पर ही अड़े रहे। किसानों ने पांच दिसंबर को शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालने का एलान किया है।
बीते रविवार से गन्ना समिति में ताला डालने के बाद किसानों ने चीनी मिल में धरना शुरू कर दिया था। शनिवार को सातवें दिन भी धरना निरंतर जारी रहा। किसानों ने एक स्वर में अपना बकाया भुगतान दिलाने की मांग की। किसानों का कहना है कि आज पैसे न होने की वजह से किसान बच्चों की फीस, बीमारी का इलाज, बहन-बेटियों की शादी समेत नई फसल तक नहीं बो पा रहे हैं, लेकिन प्रशासन और मिल मालिक के कानों में जूं तक नहीं रेंगी है। वहीं एफआईआर होने के बाद भी अब तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उधर, तहसील परिसर में किसानों ने एसडीएम डॉ. अमरेश कुमार व सीओ अभय प्रताप से मुलाकात की। यहां एसडीएम ने कहा कि मिल में धरना जारी रखें, लेकिन समिति का ताला खोलें, जिससे इस समिति से दूसरी चीनी मिलों को इंडेंट जारी हो सकें। इस पर किसानों ने कहा कि हमने दूसरी चीनी मिलों में गन्ना ले जाने वाले किसानों को नहीं रोका है। न ही इंडेंट जारी होने के बाद उनको कोई परेशानी आई है। पैसा बजाज चीनी मिल का बाकी है तो बजाज चीनी मिल को बंद कर किसान अपना आंदोलन कर रहे हैं।
किसानों ने एसडीएम को बताया कि पांच दिसंबर को किसान शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकालेंगे, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगा। इसमें मिल के खिलाफ शांतिपूर्ण किसान अपना विरोध करेंगे और बकाया भुगतान की मांग करेंगे।