विद्यालय द्वारा जारी की गई टीसी। स्रोत :सोशल मीडिया
पलियाकलां। क्षेत्र से शिक्षा विभाग की एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। यहां एक सरकारी स्कूल ने छात्रा के ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) में ऐसी जन्मतिथि दर्ज कर दी, जो किसी भी कैलेंडर में मौजूद ही नहीं है।
मामला ब्लॉक पलिया के गांव पतवारा बड़ा सरखना पूरब स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय का है। गांव निवासी कुबेरदास की पुत्री सुषमा ने विद्यालय से कक्षा आठ की टीसी कटवाई, जब परिजनों ने टीसी देखी तो वे हैरान रह गए। विद्यालय के रिकॉर्ड और टीसी में छात्रा की जन्मतिथि 31 जून, 2007 दर्ज की गई है, जबकि जून में केवल 30 दिन होते हैं। इस गंभीर चूक ने विभागीय कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शिक्षकों को महीनों और तारीखों की बुनियादी जानकारी ही नहीं होगी, तो बच्चों को क्या पढ़ाया जाएगा। इस गलती के कारण छात्रा को आगे के दाखिले में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में अभिलेखों के सत्यापन में भारी लापरवाही बरती जा रही है। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी विभाग की आलोचना हो रही है।
बीईओ रमन सिंह ने बताया कि मामला मानवीय त्रुटि का है और इसे सुधारने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक का तबादला पहले ही हो चुका है। पांचवीं की टीसी में भी यही जन्मतिथि दर्ज थी, जिसे आगे भी यथावत दर्ज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि अभिभावक से सही जन्मतिथि के अभिलेख मंगाए गए हैं। अभिलेख मिलने के बाद संशोधित टीसी जारी कर दी जाएगी।