सावन मेला एक अगस्त से शुरू हो रहा है। जिले भर के शिव मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर जिले के उपनगर गोला गोकर्णनाथ में श्रद्धालुओं के उमड़ने के कारण ऐतिहासिक शिव मंदिर में भी व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गई हैं, जिसका जायजा लेने शुक्रवार को डीआईजी आरके चतुर्वेदी गोला पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ मंदिर के सुरक्षा प्वाइंटों का भी जायजा लिया और ऐतिहासिक शिव मंदिर में पुलिस अमले के साथ पूजा अर्चना कर माथा टेका। उनके साथ एसपी अरविंद सेन समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
गोला गोकर्णनाथ। डीआईजी आरके चतुर्वेदी दोपहर को काफिले के साथ पौराणिक शिव मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूजन-अर्चन के बाद उन्होंने लगाये गए सीसी टीवी कैमरा, शिव भक्तों का प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षा की दृष्टि से लगाई गई बेरीकेडिंग, तीर्थ सरोवर में भरे गए पानी की गहराई आदि के बारे में जानकारी कर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने नीलकंठ तीर्थ मैदान स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी पूजन अर्चन और दर्शन किए। इस मौके पर एएसपी एपी सिंह, सीओ रामासरे सिंह, कोतवाल एके उपाध्याय, एसएसआई तपेश्वर सागर आदि मौजूद रहे।