- वार्षिकोत्सव में रही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव एवं छात्र अलंकरण समारोह गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्रों ने पानी एवं बच्चियों को बचाने पर कई जागरूकता कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी रहे।
वार्षिकोत्सव समारोह का उद्घाटन खीरी सांसद अजय मिश्रा ने मां सरस्वती का पूजन करके किया। इस दौरान छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सभी धर्म समान है, मेरा देश बदल रहा है सहित पानी एवं बच्चियों को बचाने के प्रति जागरूकता लाने संबंधी कई कार्यक्रम पेश किए। छात्रों ने एसिड अटैक, सोच बदलो दुनिया बदलेगी जैसे कई मुद्दों पर भी कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान छात्रों द्वार पेश किया गया तुझे मां कहूं या ईश्वर कार्यक्रम काफी सराहा गया। कार्यक्रम के प्रतिभागी एवं पिछले दिनों हुई विज्ञान प्रदर्शनी के विजेताओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। संचालक विशाल सेठ एवं प्रधानाचार्या लेखनी सेठ ने कॉलेज की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से कॉलेज इंटर एवं हाईस्कूल का परिणाम शत प्रतिशत देने में अग्रणी रहा है। संस्थापिका कामनी सेठ एवं प्रबंधक प्रेम शंकर सेठ ने आए हुए अतिथिगण को स्मृति चिन्ह भेंट करके अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कॉलेज के सभी अध्यापक एवं अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।