पलियाकलां। फूड इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बृहस्पतिवार को अपनी टीम के साथ पलिया और चंदनचौकी में छापा मारा। यहां नगर पालिका मार्ग स्थित मिठाई की दुकान पर शिकायत के बाद छापा मारने के दौरान यहां से टीम ने खोया (मावा) का नमूना भरा। चंदनचौकी में पनीर का सैंपल भरा है।
फूड इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार टीम के साथ यहां पहुंचे और सबसे पहले नगर पालिका मार्ग स्थित साहू स्वीट्स की दुकान पर छापा मारा। बताया कि यहां इंद्रानगर निवासी एक व्यक्ति ने लड्डू में फफूंदी मिलने की शिकायत की थी। उसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। फूड इंस्पेक्टर ने यहां जानकारी करने के बाद दुकान पर छानबीन की। यहां लड्डू तो नहीं मिले लेकिन मौके से खोया का सैंपल भरा है।
इस बारे में फूड इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार ने बताया कि खोया में सफेदपन होने के चलते इसका सैंपल लिया है और जांच के लिए भेजा जाएगा। होटल पर मौजूद खुले खाद्य पदार्थों को ढंक कर बेचने के निर्देश भी दिए। इसके बाद फूड इंस्पेक्टर ने चंदनचौकी में भी एक दुकान पर पहुंचकर यहां से पनीर का सैंपल लिया है।
उधर छापे की खबर फैलने के बाद मिठाई और होटल दुकानदारों ने अपने-अपने शटर गिरा दिए और दाएं-बाएं घूमते रहे। फूड इंस्पेक्टर के जाने के बाद दोबारा से दुकानें और होटल खोल दिए।
गुणवत्ता पर सवाल, 28 लीटर सरसों का तेल किया सील
लखीमपुर खीरी। दिवाली को लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार को अलग-अलग क्षेत्र से तेल सहित आठ प्रकार के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद सिंह ने शहर की प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान से पेड़े का नमूना लिया। इंद्रराज मौर्य ने खीरी टाउन की आटा निर्माण इकाई से आटे का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह ने सरसों तेल निर्माण परिसर से सरसों के तेल का नमूना लिया। साथ ही 28 लीटर तेल सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह ने बांकेगंज से छुहारे का नमूना लिया। नत्थू कुशवाहा ने सोनारीपुर से पनीर और रामबाबू ने ममरी से किशमिश का नमूना लिया। संवाद
पलिया में मिठाई की दुकान पर सैंपल भरने के बाद कार्रवाई करते फूड इंस्पेक्टर व अन्य स्टाफ। संवाद
पलिया में मिठाई की दुकान पर सैंपल भरने के बाद कार्रवाई करते फूड इंस्पेक्टर व अन्य स्टाफ। संवाद