पलिया रेलवे स्टेशन पर क्रमिक धरने पर बैठे लोग। संवाद
पलियाकलां। रेल चलाओ पलिया क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति का धरना रेलवे स्टेशन पर 11वें दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को ऐपवा की जिलाध्यक्ष आरती राय, कमलेश राय के नेतृत्व में धरने पर छह लोग बैठे। इसमें सुरेश कुमार, रामसूरत, रवि प्रताप सिंह, शारदानंद भारती, रामप्रवेश भार्गव, सुभाष भारती आदि शामिल रहे। उधर, बृहस्पतिवार को द वेलफेयर सोसाइटी ऑफ मेडिसन सेलर्स की तरफ से भी आंदोलन को समर्थन दिया गया।
मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष रामप्रकाश पांडेय, महामंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव व कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल आदि ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन देते हुए आंदोलन में सहभागिता की बात कही है। आंदोलन को संबोधित करते हुए ऐपवा की जिलाध्यक्ष आरती राय ने कहा कि लगातार दस दिन से हम यहां धरने पर बैठकर पलिया से ब्राॅडगेज लाइन को चलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी जनप्रतिनिधि को इससे कोई फर्क होता नहीं दिख रहा है।
हर बार 15-15 दिन का मीटरगेज की ट्रेनों के संचालन को शुरू करने में बढ़ाने का काम हो रहा है और रिसाव व जलभराव के नाम पर रेल नहीं चलाई जा रही है। ऐसे में जनता को केवल गुमराह करने का कार्य रेलवे द्वारा किया जा रहा है।