लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक रोडवेज बस से चौपहिया वाहन में टक्कर लग गई। यह वाहन एक जज का बताया जा रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेते हुए मेडिकल के लिए भेज दिया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रविवार की शाम शहर के गुरु गोविंद सिंह चौराहे के समीप हादसा हुआ। बस देहरादून जा रही थी। बताया जाता है कि बस अड्डे से घूमकर रोडवेज बस गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान सड़क पर खड़ी कार से बस टकरा गई। वाहन जज का होने की बात पता चलने पर कोतवाली पुलिस के हाथ-पांव फूल गए।
बताया जा रहा है कि बस में सवार सवारियों को पुलिस ने उतारकर उनका किराया वापस कराया, जबकि बस चालक को हिरासत में लेकर पुलिस उसका मेडिकल करा रही है। बस चालक नशे में बताया जा रहा है।
शहर कोतवाल हेमंत राय का कहना है कि चौपहिया वाहन किसका है, यह अभी नहीं पता है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।