हादसे के बाद दो टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर।
सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन पर हुआ हादसा, ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंटा
ओयल। सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन पर शनिवार देर रात एक रोडवेज की अनुबंधित बस सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर के दो हिस्से हो गए। वहीं बस में सवार चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोडवेज की अनुबंधित बस सीतापुर से रात करीब 1:30 बजे लखीमपुर आ रही थी। बस जैसे ही चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मारखापुर- सुंसी मोड़ पर पहुंची सड़क किनारे खराब खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। जब तक चालक कुछ समझ पाता तब तक ट्रैक्टर के दो हिस्से हो गए। बस अनियंत्रित होकर फोरलेन के किनारे खाई में लगे पेड़ों से जा टकराई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दुर्घटना में बस में सवार शिवप्रसाद निवासी कटकुसमा नकहा, मुकेश निवासी फूलबेहड़ और बलराम सिंह निवासी थाना हैदराबाद घायल हो गए। चालक गुरजीत सिंह को पैर में गंभीर चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जबकि बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है।