फरधान थाना क्षेत्र के ओदरहना गांव के पास रविवार सुबह एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी। जिससे कार सवार पांच लोगों में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल चालक का इलाज चल रहा है। चारों मृतक मितौली थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव के रहने वाले थे। रविवार सुबह अपनी रिश्तेदारी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर हादसा हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों में तीन एक ही परिवार के थे, जबकि एक पड़ोसी और रिश्तेदार था। उधर, एक ही गांव के चार लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक घटना रविवार सुबह नौ बजे उस वक्त हुई जब भीखमपुर निवासी संतकुमार के पुत्रगण अनुज(21), विवेक(18) और भतीजा हिमांशु(16) पुत्र राजकुमार मिश्र, रिश्तेदार अमन मिश्र(20) पुत्र पप्पू निवासी राजेंद्र नगर जिला गाजियाबाद व पड़ोसी विकास मिश्र(17) पुत्र सरोज मिश्र कार पर सवार होकर गोला से अपने घर लौट रहे थे।