जांच में आशाओं से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1500 रुपये वसूलने की पुुष्टि
लखीमपुर खीरी। रमियाबेहड़ सीएचसी में आशाओं से रजिस्ट्रेशन के नाम पर अवैध वसूली करने के मामले में धौरहरा एसडीएम रेनु की जांच रिपोर्ट पर डीएम ने तत्कालीन सीएचसी अधीक्षक समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
20 सितंबर को डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने आयुष्मान कार्ड की धीमी प्रगति पर रमियाबेहड़ सीएचसी पहुंचकर औचक निरीक्षण किया था, जिसमें धीमी प्रगति पर जिम्मेदारों को फटकार लगाई थी। इस दौरान आशाओं ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1500 रुपये वसूलने की शिकायत की थी। आशा संगिनी वेदरानी व आशा लक्ष्मी ने माह जनवरी में पंजीकरण के नाम पर उनसे धन उगाही की शिकायत की थी। डीएम ने मामले की जांच एसडीएम रेनू को सौंपी थी। रविवार को एसडीएम रेनू ने डीएम को जांच रिपोर्ट दी, जिसमें रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1500 रुपये वसूलने की बात सामने आई। मामले में डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने तत्कालीन सीएचसी अ धीक्षक सुभाष वर्मा समेत अन्य तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं। सुभाष वर्मा अभी नकहा सीएचसी में तैनात हैं। सूत्र बताते हैं कि यह वसूली काफी दिन से चल रही थी। यह घोटाला करोड़ों का हो सकता है।