लखीमपुर खीरी। रबी सीजन 2021 में गेहूं खरीद के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस बार ओटीपी के माध्यम से किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीफ सीजन में धान बेच चुके किसानों को भी संशोधन कर पुन: पंजीकरण लॉक करना होगा।
एक अप्रैल से 15 जून 2021 तक क्रय केंद्रों के माध्यम किसानों से गेहूं की खरीद की जाएगी। इस बार सरकार ने 1975 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का एमएसपी निर्धारित किया है। किसानों से गेहूं खरीद के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल एफसीएस डॉट यूपी डॉट जीओवी डॉट इन पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा। किसानों को मोबाइल नंबर फीड करना होगा, जिस पर प्राप्त ओटीपी नंबर डालकर पंजीकरण को लॉक किया जाएगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने बताया कि किसान अपनी खतौनी में खाता संख्या पंजीयन में दर्ज कर अपने कुल खाते एवं बोये गए गेहूं के रकबे को अंकित करें। संयुक्त भूमि होने की दशा में अपनी हिस्सेदारी की सही घोषणा पंजीयन में करनी होगी। क्रय केंद्र पर किसान के स्वयं उपस्थित न होने पर पंजीकरण प्रपत्र में परिवार के नामित सदस्य का विवरण और आधार नंबर फीड करना जरूरी है। किसानों को किसी प्रकार की समस्या है, तो वह विभाग के टोल फ्री नंबर 1800-1800-150 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा जिला खाद्य विपणन अधिकारी या तहसील पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी या ब्लॉक पर विपणन निरीक्षक के पास भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।