लखीमपुर खीरी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव व होली के मद्देनजर कच्ची शराब की भट्टियां धधकने लगी हैं। इसके निर्माण- बिक्री की रोकथाम व अवैध अल्कोहल के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष छापामार अभियान शुरू किया है। इन दबिशों में कुल 382 लीटर कच्ची शराब व 2500 किग्रा लहन बरामद किया गया है। कुल 14 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। दो अभियुक्तों को जेल भेजा गया है।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह व एसपी विजय ढुल के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 ने ग्राम चिमनी थाना खीरी में दबिश दी, जिसमें 32 लीटर कच्ची शराब बरामद की। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 ने ग्राम कैमहरा थाना मोहम्मदी में दबिश देकर 150 लीटर कच्ची शराब व 1000 किग्रा लहन बरामद किया और मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 ने ग्राम बुकरिया थाना निघासन में दबिश देकर 60 लीटर कच्ची शराब व 1000 किग्रा लहन बरामद किया। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-5 ने ग्राम रामपुर तकिया थाना हैदराबाद में दबिश दी। यहां 60 लीटर कच्ची शराब बरामद कर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चालान भेजा।
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र -6 ने ग्राम नयागांव थाना मैंगलगंज में दबिश देकर 75 लीटर कच्ची शराब व 500 किग्रा लहन बरामद की। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र -7 ने ग्राम रमियाबेहड़ थाना धौरहरा में दबिश देकर पांच लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप दिनकर ने बताया कि कच्ची के खिलाफ अभियान के साथ ही आबकारी दुकानों व संदिग्ध ढाबों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। दुकान में गड़बड़ी पाए जाने पर लाइसेंस धारक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।