गोला गोकर्णनाथ। डिपो प्रशासन की लापरवाही से रक्षाबंधन पर बहनों का मुफ्त सफर आसान नहीं होगा। क्योंकि निगम की बसों की हालत बेहद कंडम हो चुकी है। यदि पहले से बसें दुरुस्त होतीं तो बहनों को आने जाने में राहत मिलती।
रोडवेज डिपो में निगम की 76 और अनुबंधित 36 बसें हैं, जिनमें निगम बसों में अधिकतर की हालत खराब है। ऐसे में सीएम योगी की बहनों को मुफ्त यात्रा कराने के दावे को झटका लग सकता है। इन 76 बसों में 20 से ज्यादा बसें चलने योग्य नहीं हैं, क्योंकि किसी में टायर, ट्यूब और रिम नहीं है तो कोई कल पुर्जों के अभाव में वर्कशाप की शोभा बढ़ा रही हैं।
डिपो प्रशासन का कहना है कि बहनों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसलिए निगम की 55 बसें निर्धारित रूट पर चलेंगी और 15 अनुबंधित बसें सिर्फ शाहजहांपुर गोला लखीमपुर के बीच संचालित होंगी।
......
तकनीकी कारणों से खड़ी हैं आठ बसें
डिपो सूत्रों का कहना है कि 76 में करीब 19 बसें खराब खड़ी हैं। इसमें से तीन नीलामी वाली हैं, जबकि चार बसें सरेंडर हैं। जबकि आठ बसें ऐसी हैं, जिनमें से किसी में टायर, ट्यूब और रिम नहीं है तो किसी में अन्य प्रकार के कल पुर्जे।
.....
रोडवेज की बसों में बहने रविवार रात 12 बजे तक निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। पिछले साल त्योहार के दिन करीब 6852 बहनों ने मुफ्त यात्रा की थी।
-सुरेश राठौर, केंद्र प्रभारी गोला डिपो
------
बहनों को फ्री यात्रा कराने के लिए रोडवेज प्रशासन ने कसी कमर
लखीमपुर खीरी। रक्षाबंधन के दिन यानि रविवार को महिलाओं को नि:शुल्क सफर कराने के लिए लखीमपुर डिपो प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बहनों को मुफ्त यात्रा करने के प्रति जागरूक करने के लिए बस अड्डे पर पोस्टर भी लगवाए हैं। परिचालक स्टापेज पर यात्रियों खासकर महिलाओं को बैठाने में मनमानी न करने पाएं, इसके लिए कर्मचारियों को तैनात कर दिया है।
परिवहन निगम रविवार रात 12 बजे तक महिलाओं को पूरे प्रदेश में फ्री यात्रा कराएगा। सफर के दौरान परिचालक उन्हें बिना पैसे लिए टिकट देंगे। इसके लिए एआरएम ने परिचालकों को शून्य टिकट दिए देने के लिए निर्देशित कर दिया है। सीएम योगी की ओर से महिलाओं को दी सौगात से उन्हें अवगत कराने के लिए बस अड्डे पर नि:शुल्क यात्रा संबंधी बैनर भी लगवाए गए हैं, जिससे महिलाएं टिकट के लिए परिचालक को रुपये न दें।
.
परिचालकों की मनमानी रोकने को कर्मचारी तैनात
बस अड्डे से निकलने के बाद परिचालक स्टॉपेज पर यात्रियों खासकर महिलाओं को बैठाने में आनाकानी न करें। इसलिए एआरएम ने ऐरा, धौरहरा एवं एलआरपी सहित हरगांव स्टापेज पर कर्मचारी तैनात किए हैं। कर्मचारियों को बस के स्टॉपेज पर पहुंचने का समय, बस नंबर व डिपो का नाम, बैठे यात्री व स्वयं बैठाए गए मुसाफिरों की संख्या प्रपत्र पर अंकित कर व्हाट्सएप करने के निर्देश दिए हैं।
.......
इन प्वाइंट पर कर्मचारी तैनात
धौरहरा-दुर्गेश कुमार नाग, ऐरा- सुभाष चंद्र, एलआरपी चौराहा- सुशील कुमार, हरगांव-प्रदीप कुमार
.......
त्योहार को लेकर पूरी तैयारी कर ली है, जिससे बहनों को असुविधा न हो। बस संचालन समय से हो इसके लिए लिए बस अड्डे सहित रूट के स्टापेज पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए रूट पर बसें संचालित होंगी।
-जोगेंद्र सिंह, एआरएम लखीमपुर डिपो
----
बसों में रही खूब भीड़भाड़
मैलानी। रक्षा बंधन से एक दिन पहले यहां बसों में खूब भीड़भाड़ दिखाई दी। भीरा, पलिया, खुटार, गोला की ओर जाने वाली निजी बसों में सवारियां खचाखच भरी नजर आईं। कुछ बसों में भीड़ के कारण सवारियां चढ़ तक नहीं पायीं और मजबूरन उन्हें दूसरी बस का इंतेजार करना पड़ा। संवाद