लखीमपुर ब्लॉक जाने वाले रास्ते पर भरा तालाब जैसा पानी संवाद
लखीमपुर खीरी। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति है। शिव कॉलोनी में पानी सड़क पर बह रहा है। लखीमपुर ब्लॉक का रास्ता तालाब बन गया है। कई स्कूलों में जलभराव हुआ है। महिला अस्पताल के पुराने भवन की छत से पानी टपकने लगा है।
गांवों के रास्तों को दुरुस्त कराने वाले लखीमपुर ब्लॉक का रास्ता बारिश के पानी से तालाब बना हुआ है। यहां पर करीब दो फिट तक पानी भरा है। फरियादियों और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्ला शिव कॉलोनी के निचले हिस्से में पानी घरों तक पहुंच गया है। गलियों में पानी भरा होने से आवागमन भी ठप है। कई जगहों पर बारिश और नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
गलियों में जमा कीचड़ आवागमन में बाधा बन रहा है। वाल्मीकि बस्ती में भी जलभराव की स्थिति बनी है। यहां के भी कुछ घरों में पानी पहुंच गया है। ईदगाह और कई अन्य स्थानों पर भी जलभराव की वजह से लोग परेशान हैं। नहर पटरी पर गुरुनानक इंटर कॉलेज के पास, एलआरपी मार्ग पर चौराहे से पहले भी सड़क किनारे पानी भरा है।
पीपीटीसी लैब और वार्ड के बरामदे की छत से टपक रहा पानी
शुक्रवार दोपहर बारिश के समय महिला अस्पताल की पीपीटीसी लैब की छत से पानी टपक रहा था। पूरे कक्ष की छत कई स्थानों से टपक रही थी। इसका असर जांचों पर पड़ा। वार्ड के सामने बरामदे की छत भी कई जगहों पर टपकती दिखी। छत और दीवारों से रिसकर आ रहे बारिश के पानी ने मरीज-तीमारदारों की मुश्किलें बढ़ा दीं। संवाद
स्कूल में जलभराव, दिक्कत
मितौली खीरी। मितौली ब्लॉक के ग्राम पंचायत कस्ता के प्राथमिक विद्यालय परिसर में जलभराव हो जाने से बच्चों और शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों को विद्यालय आने जाने वा पठन-पाठन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खंड विकास अधिकारी मितौली अमित सिंह परिहार ने ग्राम प्रधान एवं पंचायत सेक्रेटरी को समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद