लखीमपुर खीरी। कोरोना संकट की वजह से बुरे दौर से गुजर रहे सिनेमा उद्योग से जुड़े लोगों को एक फरवरी से राहत मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से बुधवार को जारी नई गाइडलाइन के तहत एक फरवरी से सिनेमाघर 50 फ़ीसदी से ज्यादा संख्या के साथ खुल सकेंगे, जिसको लेकर सिनेमाघर मालिकों समेत सिनेमा के शौकीन लोगों में नई उम्मीद जगी है। अब राज्य सरकार को इस पर फैसला लेना है कि वह कितनी क्षमता के साथ सिनेमाघरों को खोलने की इजाजत देती है।
कोरोना संकट की वजह से करीब आठ महीने तक बंद रहे आनंद सिनेमा और फन मॉल कोविड प्रोटोकॉल की शर्तों पर खुल तो गए, लेकिन अब भी उन पर मंडराए संकट के बादल छटे नहीं हैं। एक तो नई फिल्मों के रिलीज न होने की वजह से दर्शक सिनेमाघरों का रुख नहीं कर रहे हैं और ऊपर से कोरोना की दहशत के कारण दो-चार लोग ही सिनेमाघरों में जा रहे हैं। सिनेमा मालिक भी गाइडलाइन का पालन करते हुए हर शो के बाद सैनिटाइजेशन कराने के बाद ही अगला शो शुरू करते हैं। ऐसे में सरकार की तरफ से जारी की गई नई गाइडलाइन से सिनेप्रेमियों और इस उद्योग से जुड़े लोगों को एक फरवरी से घाटे से उबरने की उम्मीद जगी है। पहले सिनेमाघरों और थियेटरों को अधिकतम 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई थी, लेकिन नई गाइडलाइन के तहत सिनेमाघर अब ज्यादा दर्शकों के साथ खोले जा सकेंगे।
हर माह 70 से 80 हजार रुपये का हो रहा घाटा
सिनेमा कारोबार से जुड़े लोग बताते हैं कि वर्तमान समय में सिनेमा उद्योग की हालत बेहद खराब है। सिनेमाहॉल प्रतिमाह 70 से 80 हजार रुपये के घाटे में चल रहे हैं। वजह है कि जो फिल्में रिलीज हो रहीं थीं उन्हें दर्शक पसंद नहीं कर रहे थे। हालांकि शासन की नई गाइडलाइन से उनमें एक बार फिर नई आस जगी है, क्योंकि नई गाइड लाइन में 50 फीसदी से अधिक लोगों के बैठने की इजाजत होगी। छूट मिलने के बाद नई फिल्में रिलीज होंगी तो व्यवसाय बेहतर होने की संभावना है।
अगर हालात सुधरे तो चालू होगा बसंत सिनेमा घर
कोरोना संक्रमण के बाद से शहर का बसंत सिनेमा घर बंद पड़ा है। मार्च में इसे बंद हुए एक साल पूरा हो जाएगा। यदि नई गाइडलाइन के बाद हालात सही हुए तो इसके मार्च के बाद चालू होने की उम्मीद है।
नई गाइड लाइन से मल्टीप्लेक्स व्यवसाय को गति मिलेगी। अब तक 50 प्रतिशत संख्या होने से 20-25 लोग ही आते थे। मगर अब वैक्सीन आने और एक फरवरी से दर्शकों की संख्या 75 प्रतिशत होने से मल्टीप्लेक्स के अच्छे दिन आएंगे।
- धर्मेंद्र राघव, जीएम फन मॉल
सिनेमा घर बहुत खराब दौर से गुजर रहे हैं। गुरुवार दोपहर शो में सिर्फ चार लोग थे। नई गाइडलाइन जारी होने के बाद नई फिल्में रिलीज होंगी। इससे सिनेमा के दिन बहुरने की उम्मीद है। इस साल 70 से 80 हजार रुपये प्रतिमाह का नुकसान उठाना पड़ा है। घाटे के कारण ही बसंत सिनेमा घर को बंद कर दिया गया है।
- मनोज कुमार, प्रबंधक आनंद सिनेमा
अभी कोरोना का खौफ पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इसलिए सिनेमाघरों में लोग कम ही जा रहे हैं। उम्मीद है जल्द ही सब ठीक हो जाएगा।
- चंदन मिश्रा, लखीमपुर खीरी
नई फिल्मों के न आने से लोग सिनेमा घरों की ओर रुख नहीं कर रहे हैं। महंगाई भी है, लेकिन जब ज्यादा दर्शक आएंगे तो टिकट के दामों में भी कमी आएगी।
- तनवीर अहमद, लखीमपुर खीरी
पिछले दो दिन से जनपद में कोरोना का कोई केस नहीं आया है। जनपदवासियों के लिए यह क़ाफी खुशी की बात है। इधर कोविड वैक्सीन आ जाने के कारण भी लोगों में कोरोना का भय खत्म हो रहा है। केंद्र सरकार ने गाइडलाइन जारी की हैं। अभी राज्य सरकार की तरफ से शासनादेश आना बाकी है।
- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम