लखीमपुर खीरी। कोरोना वायरस को हराने के लिए बृहस्पतिवार को जिला एवं महिला अस्पताल समेत 17 जगहों पर टीकाकरण अभियान चला। बृहस्पतिवार को 2953 लोगों को वैक्सीन लगाई गई, जबकि 4007 लोगों को लगाने का लक्ष्य था। टीकाकरण अभियान आज यानी 29 जनवरी को भी 17 जगहों पर चलेगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि टीकाकरण नोडल अफसरों की निगरानी में संपन्न हुआ। निर्धारित प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए बृहस्पतिवार को टीकाकरण संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि 17 केंद्रों पर 36 टीमों के 360 सदस्य एवं 72 वैक्सीनेटर के सहयोग से टीकाकरण हुआ। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि उन्होंने स्वयं जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाई। वहीं एसीएमओ डॉ. आरपी दीक्षित, डॉ. संतोष चक, डॉ. रविंद्र शर्मा, डॉ. अश्विनी कुमार और डॉ. बीसी पंत ने भी टीकाकरण कराया।
जिला अस्पताल- 122
महिला अस्पताल- 135
सीएचसी बेहजम- 150
सीएचसी नकहा- 185
सीएचसी फरधान- 334
सीएचसी कुंभी- 302
सीएचसी मोहम्मदी- 220
सीएचसी पसगवां- 219
सीएचसी बांकेगंज- 151
सीएचसी पलिया- 160
सीएचसी बिजुआ- 196
सीएचसी निघासन-103
सीएचसी रमियाबेहड- 116
सीएचसी धौरहरा- 79
सीएचसी ईसानगर- 139
सीएचसी मितौली- 139
सीएचसी फूलबेहड- 165
पलिया सीएचसी में पहली बार लगा कोरोना का टीका
पलियाकलां। कोविड-19 की वैक्सीन आने के बाद गुरुवार को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहली बार टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई, जिसमें पहला टीका फार्मासिस्ट एके पांडेय को लगाया गया। कुल 160 लोगों को टीका लगाया गया।
टीका लगने के बाद क्या बोले स्वास्थ्यकर्मी
सबसे पहला टीका लगवाने वाले सीएचसी के फार्मासिस्ट एके पांडेय ने बताया कि टीका लगने के बाद उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है, नार्मल तरीके से कार्य भी कर रहे हैं। सभी को बढ़कर आगे आकर अफवाहों से बचना चाहिए।
एएनएम रत्ना मिश्रा ने बताया कि टीका लगने के बाद से कोई फर्क नहीं पड़ा है। लोग बेवजह की अफवाहों पर ध्यान देते हैं कि गलत इंफेक्शन पड़ता है, ऐसा कुछ नहीं है और सभी को टीका लगवाने के लिए आगे आना चाहिए।