बाढ़ प्रभावित इलाकों में एसडीएम संग पहुंचे एडीएम
निघासन इलाके में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मंगलवार को अपर जिलाधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली। उन्हें प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने जरूरतमंदों को लंच पैकेट वितरित किए।
उन्होंने कहा, जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। इस मौके पर एसडीएम राजीव निगम, तहसीलदार मुकेश वर्मा सहित राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने गांव में बने बाढ़ राहत शिविरों का भी दौरा किया और आवश्यक निर्देश दिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत सामग्री के साथ-साथ नाव और चिकित्सा सुविधा की भी मांग की। इस पर एडीएम ने शीघ्र व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया।
पांच बाढ़ केंद्रों की 12 चौकियों को किया गया अलर्ट
वनबसा बैराज से पानी रिलीज होने व जिले में मूसलाधार बारिश के बाद पलिया तहसील प्रशासन ने बाढ़ को लेकर अपने इंतजाम शुरू कर दिए हैं। पांच बाढ़ केंद्रों की 12 चौकियों को अलर्ट मोड़ पर कर दिया गया है। साथ ही इन चौकियों पर स्टाफ, स्वास्थ्य टीम समेत अन्य इंतजाम भी पूरे कर लिए गए हैं। जिसका जायजा मंगलवार को तहसीलदार ने लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।