बेलरायां। सात माह की गर्भवती महिला ने दुधवा जंगल में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। वन कर्मियों ने शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
ग्राम हरबख्शपुरवा निवासी देवा की 22 वर्षीय पत्नी सुदागिनी का शव बृहस्पतिवार को दुधवा नेशनल पार्क जंगल में दुपट्टे से पेड़ से लटका मिला। मृतका के पति देवा ने बताया कि वह हमेशा की तरह बृहस्पतिवार को चीनी मिल में मजदूरी करने गया था। अपराह्न तीन बजे वापस आकर उसने पत्नी से भोजन परोसने को कहा। इसी बात पर कुछ कहासुनी हो गई।
आसपास के लोगों ने समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया। बाद में सुदागिनी ने परिजनों की गैर मौजूदगी में गांव से सटे बेलरायां के दुधवा जंगल में जाकर दुपट्टा से पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दुधवा नेशनल पार्क रेंज बेलरायां के वनदरोगा अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि जंगल से बरामद महिला के शव को बेलरायां पुलिस चौकी के सुपुर्द किया गया है।