अमीरनगर। बृहस्पतिवार की दोपहर तेज आंधी बरसात में क्षेत्र की हाईटेंशन बिजली लाइन ध्वस्त हो गई। दर्जनों खंभे टूट कर गिर गए। क्षेत्र के दर्जनों गांव में विद्युत आपूर्ति ठप है। 24 घंटे बाद भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं हो सकी है। बृहस्पतिवार की दोपहर तेज आंधी-वर्षा में कई स्थानों पर विशालकाय पेड़ टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गए।
इससे 20 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए और हाईटेंशन लाइन धराशाई हो गई। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारी कर्मचारी काम में जुटे हैं लेकिन 24 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसके चलते बिजली उपकेंद्र रेहरिया के गांव देवरिया, यासीनपुर, सुभाषनगर, नौवाखेड़ा, उमरिया, मथना, के अलावा अमीरनगर सहित करीब दो दर्जन से अधिक गांव बिजली समस्या से जूझ रहे हैं।
आंधी में बिजली के 20 पोल टूट गए थे। जिस पर काम चल रहा है। काम पूरा होते ही बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी। 33000 की लाइन खराब थी, उसको भी सही कर लिया गया है।
- आरके वर्मा जेई, बिजली उपकेंद्र बस्तौली