स्कूल में फर्श पर लेटा छात्र-स्रोत सोशल मीडिया
महेवागंज। क्षेत्र में सुबह से दोपहर तक रहे बिजली संकट के बीच भीषण गर्मी में नकहा ब्लाॅक के दो अलग-अलग विद्यालयों में एक शिक्षिका और एक छात्र की हालत बिगड़ गई। इससे अन्य स्टाफ व बच्चों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत ठीक है।
नकहा ब्लाॅक के बड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे पढ़ाई के दौरान कक्षा तीन का छात्र नबीउल्ला उमस और गर्मी के चलते कक्षा में ही बेहोश हो गया। आनन-फानन अध्यापक ने उसे कमरे के बाहर दरी बिछाकर लिटाया। हाथ पंखे से हवा दी। कुछ देर तक होश न आने पर गांव के निजी चिकित्सक से उपचार कराया। बच्चे के होश में आने पर सभी ने राहत की सांस ली।
अटकोहना प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका कुहू बनर्जी गश खाकर फर्श पर गिरकर बेहोश हो गईं। स्टाफ ने उन्हें सीएचसी नकहा पहुंचाया। ड्रिप चढ़ने के बाद उनकी हालत ठीक हुई। हालत में सुधार देख उनको घर भेज दिया गया। बीईओ ने कहा कि हृदयाशंकर लाल श्रीवास्तव ने बताया कि तापमान बहुत अधिक था। मौसम के उतार चढ़ाव में सामान्यतः ऐसा हो जाता है। कोई खास दिक्कत नहीं हुई।
कई विद्यालयों में पंखे तक नहीं
ब्लॉक फूलबेहड़ क्षेत्र के स्कूलों में बच्चे शुक्रवार को गर्मी से बेहाल हो गए। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक बिजली नहीं आई। इससे बच्चे भीषण गर्मी से बेहाल रहे। ब्लाॅक क्षेत्र में तीन उपकेंद्रों बनवारीपुर, बसैगापुर, शारदानगर की सभी 75 ग्राम पंचायतों के गांवों में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में बिजली के कनेक्शन तो करा दिए, लेकिन बहुत से स्कूलों में बच्चों को पंखे तक नसीब नहीं हो रहे, जिससे बच्चे गर्मी से बेहाल हो रहे हैं। उधर, फूलबेहड़ के यूपीएस सांडा में सीडीओ के प्रयास से बिजली की समस्या दूर होने और स्मार्ट क्लास चलने पर खुशी जताई गई। शुक्रवार को सीडीओ के पहुंचने पर प्रधानाध्यापक और स्टाफ भावुक हो गया। सीडीओ अभिषेक के चेहरे पर भी मुस्कान तैर गई। इसका फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
स्कूल में फर्श पर लेटा छात्र-स्रोत सोशल मीडिया