पलियाकलां। क्षेत्र के फरसहिया गांव निवासी करन की प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट न मिलने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। शनिवार देर शाम अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। दर्ज मुकदमे के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने दबिश दी, लेकिन एक भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा।
28 अगस्त को संदिग्ध हालात में फरसहिया गांव निवासी दौलतराम के 24 वर्षीय पुत्र करन का शव मेलाघाट मार्ग पर मिला था। शिनाख्त होने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के बाद जब घर पहुंचा तो मृतक की मां सोमवती ने प्रेम प्रसंग में युवती के पिता व परिजनों द्वारा उसके पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की मांग पर अड़े परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया।
देर शाम पुलिस के अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उनको जल्द खुलासे का आश्वासन दिया, तब जाकर परिजन माने और अंतिम संस्कार किया। मामले में रविवार को भी पुलिस मुकदमें में दर्ज आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश देती रही। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मामले में लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही है और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।