बरामद बच्चे और परिजन। स्रोत : पुलिस
पलियाकलां। भारत-नेपाल सीमा से सटे चंदनचौकी क्षेत्र में पुलिस ने नेपाल से घर छोड़कर मुंबई जा रहे पांच बच्चों को बस स्टैंड से तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पकड़े गए बच्चों में दो लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। सभी की उम्र करीब 13 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने काउंसलिंग के बाद परिजनों को सूचना दी और बुधवार को बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के हवाले कर दिया।
चंदनचौकी कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस टीम दोपहर में मंडी स्थित बस स्टैंड पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कोने में पांच बच्चे काफी देर से संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे नेपाल के जिला कैलाली के थाना हसुलिया क्षेत्र के एक गांव के निवासी हैं।
बच्चों ने बताया कि घर में डांट-फटकार और मनमुटाव के बाद वे बिना बताए मुंबई जाने के लिए निकल पड़े थे। पूछताछ के दौरान पता चला कि यात्रा और खाने-पीने के खर्च के लिए एक लड़का अपने घर से 38 हजार नेपाली रुपये भी लेकर आया था। तलाशी में पुलिस ने उक्त रकम बरामद कर ली।
पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग कर परिजनों को बुलाया और उन्हें सकुशल सौंप दिया।