लखीमपुर खीरी के मैगलगंज क्षेत्र में वाहनों से डीजल चुराने वाले पांच चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 100 लीटर डीजल बरामद किया है। ये चोर कार से चलते थे और हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी कर लेते थे। पकड़े गए दो अभियुक्तों पर डीजल चोरी के पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
मैगलगंज थाना प्रभारी अमित भदौरिया ने बताया कि शनिवार रात करीब तीन बजे पुलिस टीम कस्बा औरंगाबाद के पास गश्त कर रही थी। एक कार में सवार पांच संदिग्ध गुजरे। पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। भागने पर पुलिस ने पीछा कर उनकी गाड़ी रुकवाई। कार की तलाशी में डीजल चोरी करने वाले उपकरण और करीब 100 लीटर डीजल बरामद हुआ है।
पुलिस की पकड़ में आए विकास सक्सेना निवासी सहमतगंज, राजवीर निवासी गांव मैनिया थाना पुवायां जिला शाहजहांपुर, राजा निवासी हॉल बाडूजई, बलदीप राज निवासी सैनी कॉलोनी थाना सदर बाजार जिला शाहजहांपुर व सुनील सिंह ओसरी थाना मैगलगंज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त विकास सक्सेना व राजवीर पर कई मुकदमे दर्ज हैं।