हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस स्त्रोत पुलिस विभाग।
महेवागंज। महेवागंज फल मंडी के पास डंपर से कुचलकर बाइक सवार पढुआ के गांव पकरियापुरवा निवासी महिला की मौत हो गई। बाइक चला रहे पति को मामूली चोट आई। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पढुवा थाना के गांव पकरियापुरवा निवासी राधेश्याम शनिवार को पत्नी राधा देवी के साथ किसी काम से लखीमपुर आए थे। शाम करीब पांच बजे दंपती बाइक से वापस गांव जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, महेवागंज में निघासन मार्ग पर फल मंडी के पास उनकी बाइक में पीछे से डंपर की टक्कर लग गई। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई।
बाइक पर बैठी राधा देवी छिटककर डंपर के पहिये के नीचे आ गई। हादसे में राधा (45) की मौके पर मौत हो गई। बाइक चला रहे पति राधेश्याम को मामूली चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने डंपर कब्जे में और चालक को हिरासत में लिया है।