खीरी टाउन। पेयजल संकट से जूझ रहे खीरी कस्बे के लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। मोहल्ला जोशी टोला के लोगों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सभासद के खिलाफ नारेबाजी की।
बृहस्पतिवार की रात आई आंधी से ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था जिले में कई स्थानों पर अब तक बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न आने से खीरी कस्बे और शहर में लालपुर बैरियर, भंसड़िया व अन्य स्थानों पर पेयजल संकट गहरा गया है। खीरी कस्बे की करीब 50 हजार आबादी दो दिन से पानी के लिए परेशान है। लोग किराये पर जेनरेटर लाकर घरों की टंकी भर रहे हैं।
शुक्रवार की देर शाम स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर सभासद के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों ने बताया कि मस्जिद से लेकर स्टेशन मार्ग तक पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। बहुत पहले एक नल लगाया जा रहा था। जिसे साल भर पहले सभासद ने रुकवा दिया था।
नगर पंचायत खीरी अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि मोहल्ला जोशी टोला के लोग आए थे। सभासद से उनकी क्या नाराजगी है, इसके बारे में मालूम नहीं है। मोहल्ला जोशी टोला में पानी की व्यवस्था करा दी गई है। नगर पंचायत के नौ टैंकर कस्बे में घर-घर पानी पहुंचा रहे हैं।
महंगी हुई बर्फ, मोबाइल चार्ज करने में भी दिक्कत
खीरी कस्बे में दो दिन से बाधित बिजली आपूर्ति ने बर्फ के दाम बढ़ गए। 20 रुपये किलो बिकने वाली बर्फ शनिवार को 40 रुपये में बिकी। उधर, बिजली न आने से लोगों को मोबाइल चार्ज करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कांशीराम कॉलोनी में भी पानी की दिक्कत
लखीमपुर खीरी। शहर में लालपुर बैरियर और भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में भी पानी की आपूर्ति अब तक शुरू नहीं हो सकी है। पालिका, टैंकर भेजकर पानी आपूर्ति का दावा कर रही है। नगर पालिका लखीमपुर के जलकल अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि लालपुर बैरियर और भंसड़िया के पास बिजली आपूर्ति न होने से पानी सप्लाई चालू नहीं हो सकी है। इन स्थानों पर टैंकर भेजा जा रहा है। संवाद