बिजुआ। श्रीलक्ष्मी नारायण नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पड़रिया पेंथर ने भानपुर वाॅरियर्स को हराकर फाइनल का खिताब अपने नाम कर लिया। बुधवार को मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अमन गिरि ने टॉस करवाया। इसमें टॉस जीतकर पड़रिया पेंथर के कप्तान संतोष वर्मा ने पहले बल्लेबाजी चुनी।
शुरुआत में विकेट गिरे, लेकिन फिर सीबू और जैस की जोड़ी ने मैदान में तूफान ला दिया। दोनों ने ताबड़तोड़ शॉट लगाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। चौके-छक्कों की बरसात के बीच पड़रिया पेंथर ने 16 ओवर में 128 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। जैस ने 38 और सीबू ने 42 रन की आतिशी पारी खेली। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भानपुर वॉरियर्स की टीम शुरू से ही रंग में दिखी। एक समय लग रहा था कि मैच भानपुर की झोली में चला जाएगा, लेकिन तभी कप्तान संतोष वर्मा ने गेंदबाजी बिस्सू को शौंपी।
आखिरी तीन ओवर में भानपुर को 24 रन चाहिए थे और 5 विकेट बाकी थे। बिस्सू ने अपनी घातक गेंदबाजी से पांच विकेट लिए। भानपुर वॉरियर्स 122 रन पर सिमट गई। पड़रिया पेंथर ने फाइनल मुकाबला 6 रन से जीत लिया। आखिरी गेंद पर जैसे ही भानपुर का विकेट गिरा, पूरा मैदान पड़रिया-पड़रिया के नारों से गूंज उठा।
बिस्सू को उनकी घातक गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच व फैजल बीपी को मैन आफ द सीरीज चुना गया। विजेता टीम के मालिक अमन बाथम व कप्तान संतोष वर्मा को टूर्नामेंट के आयोजक आशीष अवस्थी व अखिलेश राज ने विजेता ट्राफी के साथ 40,111 रुपये नकद देकर सम्मानित किया।
वहीं उप विजेता टीम को 20,111 रुपये व ट्राॅफी सौंपी गई। कमेटी ने विधायक अमन गिरि के हाथों क्षेत्र के सोनू शुक्ला, सुशील गुप्ता, जितेंद्र भारद्वाज, आरएन मिश्र और नागेंद्र प्रताप शुक्ला को स्मृति चिन्ह व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर आशीष अवस्थी, अशोक अवस्थी, अखिलेश राज, मुकेश राज, आलोक मिश्र मानिक, आलोक वाजपेयी रहे।