ग्रामीणों की सूचना के बाद भी नही पहुंची पुलिस
डीएम के आदेश पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
धौरहरा क्षेत्र में लकड़कट्टे हरियाली का सफाया कर रहे हैं, जबकि वन विभाग और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। यहां खुलेआम हरे भरे आम के फ लदार पेड़ों पर आरा चलाया जा रहा है। लकड़कट्टों ने रातोंरात जिला पंचायत रोड पर किनारे लगे आम के पेड़ों को काट डाला और लकड़ी गायब कर दिया। इस मामले में ग्रामीणों की सूचना पर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जिसके बाद डीएम के निर्देश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
धौरहरा क्षेत्र में इन दिनों लकड़कट्टे अवैध कटान के साथ ही सड़क किनारे लगे पेड़ों को निशाना बना रहे हैं। रविवार की रात लकड़कट्टों ने धौरहरा-भटपुरवा मार्ग पर सड़क किनारे लगे पुराने हरे भरे फ लदार पेड़ों को काट दिया। बताया जाता है कि पेड़ों के काटे जाने की सूचना ग्रामीणों ने रात में धौरहरा पुलिस और वन विभाग को दी थी लेकिन न तो पुलिस पहुंची और न ही वन विभाग के जिम्मेदार। काफी इंतजार के बाद ग्रामीणों ने 100 नंबर और डीएम आकाशदीप को फोन कर सूचना दी। डीएम के निर्देश के बाद वन विभाग और पुलिस ने तीन लकड़कट्टों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। रेंजर यूपी सिंह ने बताया कि आम के पेड़ों को बिना परमिट काटा गया है। जिसमें तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा मामला दर्ज किया गया है। कहा कि जिन पेड़ों को काटा गया है, वह सड़क किनारे लगे थे। सीमांकन कराकर कार्रवाई की जा रही है। वहीं कोतवाल अमर सिंह ने बताया कि वन विभाग की तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।