रमियाबेहड़। ढखेरवा–गिरिजापुरी हाईवे पर सोमवार सुबह गजियापुर साइफन के पास ओवरलोड गिट्टी से भरा ट्रक अचानक पलट गया। हादसे में करीब 100 क्विंटल गिट्टी नहर में जा गिरी, ट्रक पलटने से मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक ट्रक का पिछला टायर अचानक फट गया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक का डीजल टैंक भी फट गया, जिससे डीजल बहने लगा। मौके पर मौजूद ग्रामीण सड़क पर गिरा डीजल अपने बर्तनों भरकर साथ ले गए। चालक दीपक ने बताया कि ट्रक ग्वालियर से गिट्टी लेकर बहराइच के बरखरिया जा रहा था। ड्राइवर की सूझबूझ से टायर फटने के बाद ट्रक नहर में गिरने से बचा लिया गया, लेकिन गिट्टी नहर में समा गई। हादसे के चलते हाईवे पर बड़े वाहन फंसे रहे। छोटे वाहन धीरे-धीरे निकलते रहे हैं। क्रेन की मदद से पलटी ट्रक हटा कर यातायात बहाल किया गया।