मझगईं। पलिया-निघासन रोड पर अलग-अलग हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनको इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
त्रिलोकपुर गांव के शंकरपुरवा निवासी लल्लूराम का 27 वर्षीय पुत्र सुनील इलाके के पतवारा गांव में सिलाई का काम करता है। बीती देर रात करीब दस बजे वह दुकान से वापस अपने घर आ रहा था। इस दौरान पलिया-निघासन रोड पर लोकनपुरवा गांव के पास किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बाइक चालक ने हेलमेट लगा रखा था। वहीं दूसरी घटना में लोकनपुरवा के मलंगा गांव निवासी रविन्द्र पलिया की तरफ से बाइक से आ रहा था। इस दौरान बेला के पास सामने से गुलरा निवासी बलराम की बाइक से उसकी टक्कर हो गई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए मझगईं चौकी इंचार्ज हनुमंत लाल तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पलिया में भर्ती कराया। दोनों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। संवाद