लखीमपुर खीरी। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रोडवेज प्रशासन ने मुझे भी ले चलो अभियान शुरू किया है। इसके तहत अब यात्री बस को रास्ते में कहीं भी हाथ देकर रुकवा सकेंगे, चाहे यात्रा की दूरी एक किलोमीटर ही क्यों न हो। चालक और परिचालक को बस रोककर टिकट देना अनिवार्य होगा। मना करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
यह अभियान बृहस्पतिवार से लागू हो गया है। हरदोई परिक्षेत्र के आरएम इंजीनियर रमेश कुमार ने चालक-परिचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि दो या पांच रुपये का टिकट होने पर भी किसी यात्री को बस में बैठाने से मना नहीं किया जाएगा। अब तक कम दूरी के यात्रियों को न बैठाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। लंबी दूरी, खासकर दिल्ली रूट की बसों में कम दूरी के यात्रियों को न बैठाने की शिकायतें अधिक थीं। नई व्यवस्था से इस मनमानी पर रोक लगेगी।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ-साथ निगम की आय में भी वृद्धि होगी। कम दूरी के यात्रियों को बस न मिलने पर डग्गामार वाहनों से सफर करना पड़ता था, जिससे हादसों का खतरा भी बना रहता था।
डीजल बचाओ अभियान भी शुरू
रोडवेज प्रशासन ने डीजल बचाओ अभियान भी चलाया है। बस में डीजल लीकेज की सूचना तत्काल डिपो फोरमैन को देने के निर्देश दिए गए हैं। डीजल चोरी या लापरवाही पाए जाने पर नौकरी से हटाने की चेतावनी दी गई है।
-
हरदोई रीजन के सभी डिपो की सभी बसों के लिए यह नियम लागू किया गया है। यह पहल उनकी खुद की है, ताकि यात्री परेशान न हो। इसके लिए लखीमपुर डिपो की एआरएम ने चालक-परिचालकों की काउंसलिंग भी की है। मामले में कोई भी मनमानी करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
-इंजीनियर रमेश कुमार, आरएम हरदोई परिक्षेत्र