लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग में 16 मार्च से परीक्षाएं होनी थीं। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन बृहस्पतिवार को आए आदेश के बाद अब परीक्षाएं 20 मार्च से होंगी। परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए विभाग को 25 लाख रुपये का बजट भी मिला है।
जिले में संचालित हो रहे 3106 परिषदीय स्कूलों में परीक्षा समय नजदीक आते देख कर्मचारियों के अलावा अधिकारियों ने भी तैयारियां तेज कर दी थीं। दो दिन बाद यानी 16 मार्च से परीक्षाएं होनी थीं लेकिन शासन की ओर से अचानक तारीखों में बदलाव कर दिया गया। बृहस्पतिवार को आए आदेश के बाद परीक्षाएं 16 के बजाय 20 मार्च से शुरू होंगी, जो 27 मार्च तक चलेंगी।
हालांकि, मूल्यांकन और परिणाम घोषित होने की तारीखों में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है। बताया जाता है कि नवीन सत्र शुरू होते ही छात्र-छात्राओं की कॉपियाें का मूल्यांकन कराने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे, और उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को नई कक्षाओं में प्रवेश दिया जाएगा।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि कक्षा एक में सभी विषयों की मौखिक परीक्षाएं होंगी। दो से लेकर आठ तक के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं अलग-अलग दिनों में संपन्न होंंगी। दो पालियों में परीक्षाएं होंगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.15 बजे से लेकर 11.45 तक, दूसरी पाली की परीक्षा 12.15 से लेकर 2.45 तक चलेंगी।
इतने बच्चे हैं पजीकृत
विभागीय आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो इस बार बांकेगंज- 25289, बेहजम- 26939, बिजुआ- 33212, धौरहरा- 31568, ईसानगर- 37338, कुंभी गोला- 26569, लखीमपुर- 39549, मितौली- 33792, मोहम्मदी- 30345, नकहा- 31054, निघासन- 47025, मोहम्मदी- 2048, पलिया- 25799, पसगवां- 38131, फूलबेहड़- 34304, रमियाबेहड़- 41322, गोला- 2404, लखीमपुर- 5421 बच्चे पंजीकृत हैं।
-
परीक्षाओं को लेकर संशोधित स्कीम शासन की ओर से मिल चुकी है। शासन के आदेशों का पालन कराया जाएगा। 20 से शुरू होने वाली परीक्षाएं 27 मार्च को समाप्त होंगी। सभी बीईओ को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए