तिकुनिया। उत्तर निघासन वन रेंज के मझरा पूरब जंगल में बाघ ने हमला कर 56 वर्षीय किसान शिवचरण को मार डाला। शिवचरण झोंपड़ी बनाने के लिए घासफूस लेने जंगल में गए थे। गांव के लोगों को जब घटना का पता चला तो वे इकट्ठे होकर जगंल में पहुंचे। ग्रामीणों के शोर-शराबा करने पर बाघ शव छोड़कर भाग गया। सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम भी पहुंच गई।
तिकुनिया थाना क्षेत्र के गांव खमरिया कोइलार निवासी शिवचरण बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे झोंपड़ी के लिए घासफूस लेने मझरा पूरब के जंगल में गए थे, तभी झाड़ियों में छिपे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। बाघ ने शिवचरण को मारने के बाद उनके शरीर का कुछ हिस्सा खा भी लिया। ग्रामीणों को पता चला तो वे इकट्ठे होकर शोर-शराबा करते हुए जंगल में पहुंचे तो बाघ शिवचरण का शव छोड़कर भाग गया।
ग्राम प्रधान प्रगट सिंह ने उत्तर निघासन वन रेंज बेलराया के रेंजर भूपेंद्र कुमार सिंह व कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह को सूचना दी। इस पर वन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शिवचरण के अधखाए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में डीएफओ सौरीश सहाय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांववालों से अपील की कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं।
आबादी में घूम रहे बाघ, लगातार हमलों से ग्रामीणों में रोष
लखीमपुर खीरी। ग्राम प्रधान परगट सिंह ने बताया कि आबादी में घूम रहे बाघ ने 29 फरवरी को एक गाय, जबकि एक मार्च को खैरटिया में भैंस को निवाला बना लिया था। वन विभाग ने पिंजरा लगाकर बाघ को पकड़ने का दावा किया था, लेकिन सब हवाहवाई साबित हुआ। तीन मार्च को मझरा-खैरटिया में एक बाइक सवार को बाघ ने झपट्टा मारकर घायल कर दिया था। इसके बाद वहां चार कैमरे लगाए गए थे। इनमें से एक कैमरे में बाघ की तस्वीर भी कैद हुई थी। हैरानी की बात तो यह है कि वनकर्मी और एसटीपीएफ की टीम के जवान 24 घंटे बारी-बारी से निगरानी कर रहे हैं, इसके बावजूद बाघ के हमले नहीं रुक रहे हैं।
-
एक साल में छह लोगों की जान ले चुके हैं बाघ
1- 31 मार्च 2023 को बाबा पुरवा गांव निवासी प्रीतम सिंह को बाघ ने खेत में हमला कर मार डाला।
2- 18 अप्रैल 2023 को खैरेटिया निवासी हरमीत सिंह को भी खेत में निवाला बना लिया।
3- 23 अप्रैल 2023 को ग्राम सनखेड़ा निवासी आकाश की बाघ के हमले में जान गई।
4- 8 जून 2023 को मजरा पूरब के गांव औधसिया निवासी शिवकुमार को गन्ने के खेत में घास काटते समय बाघ ने हमला कर मार डाला।
5- 7 दिसंबर 2023 को ग्राम पंचायत खैरेटिया के मजरा गांव नया पिंड निवासी भोला सिंह को मवेशी चराते समय बाघ ने मार डाला।
6- 14 मार्च 2024 को ग्राम खमरिया कोईलार निवासी खैरटिया में बांध किनारे जंगल में घासफूस लेने गए किसान शिवचरण को बाघ ने मार डाला।